नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अर्जुन पासी हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक चिट्ठी लिखी है। राहुल गांधी की इस चिट्ठी के बाद से अर्जुन पासी हत्याकांड का यह मामला मीडिया की सुर्खियों में आ गया है। राहुल गांधी ने चिट्ठी के माध्यम से अर्जुन पासी की हत्या के मुख्य आरोपी विशाल सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी में लिखा है कि अर्जुन पासी की हत्या के मुख्य आरोपी विशाल सिंह को राजनैतिक संरक्षण मिला हुआ है, जिसके कारण उसकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मुख्य आरोपी विशाल सिंह को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी चिट्ठी के माध्यम से अवगत कराया है कि वह पिछले सप्ताह ही पीड़ित परिजनों से मिले थे। राहुल गांधी ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा है कि पीड़ित परिजनों ने उन्हें हत्या की पूरी घटना को बताया। पीड़ित परिजनों ने जानकारी दी थी कि अर्जुन पासी की हत्या के 7 आरोपियों में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल सिंह की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, क्योंकि उसको राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
वे लोग असुरक्षा के महौल में जीने के लिए मजबूर हैं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा है कि दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी हत्या के मुख्य आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तार न होने की वजह से पीड़ित दलित समाज में डर बना हुआ है। वे लोग असुरक्षा के महौल में जीने के लिए मजबूर हैं। राहुल गांधी ने चिट्ठी में लिखा है कि एक बहुत ही गरीब, शोषित, दलित परिवार को न्याय से वंचित किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपनी चिट्ठी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि अर्जुन पासी हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल सिंह को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सके।
अर्जुन पासी की 11 अगस्त 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी
बता दें कि अर्जुन पासी की 11 अगस्त 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद पीड़ित परिजनों, ग्रामीणों और कई संगठनो ने गांव में सड़क पर प्रदर्शन भी किया था। यहां तक कि परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कलेक्ट्रेट में भी प्रदर्शन किया था। इस मामले में मृतक अर्जुन पासी की मां की शिकायत पर पुलिस ने 7 नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिनमे से 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन इस हत्या का मुख्य आरोपी विशाल सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।





