नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। नोएडा के बाद अब पंजाब के किसानों ने कल 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का ऐलान किया है। वहीं दूसरी ओर इस आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और और ऑल इंडिया किसान सभा (AIKS) ने मना कर दिया है। दिल्ली कूच आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) के जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान नेता सरवन सिंह पंधेर करेंगे। वहीं मिली जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के चीफ गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा है कि,’हमसे संपर्क नहीं किया गया और न ही हमसे सलाह ली गई, इसलिए अब तक हमने किसी भी मार्च में भाग लेने की कोई योजना नहीं बनाई है। हमने पहले भी समर्थन देने की कोशिश की थी, लेकिन वे अपने हिसाब से फैसले ले रहे हैं और हमारी तरफ से कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।
हमारा संगठन SKM से जुड़ा हुआ है
दूसरी ओर भारतीय किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुरेश कोथ का कहना है कि हमारा संगठन SKM से जुड़ा हुआ है और शंभू बॉर्डर पर आंदोलन में हमारी कोई भूमिका नहीं है। कल 6 दिसंबर को दिल्ली मार्च के आंदोलन में शामिल होने की हमारी कोई योजना नहीं है।
दिल्ली कूच को लेकर क्या है तैयारी
फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी और किसानों की बकाया समस्याओं का समाधान समेत अन्य मांगों को लेकर किसान आंदोलन पर हैं। 2 दिसंबर को किसानों ने नोएडा की तरफ से दिल्ली में घुसने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें नोएडा में ही रोक दिया। आदंलोन को और उग्र और दिल्ली कूच करने पर रणनीति तैयार हो गई है। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि पंजाब-हरियाणा के किसान कल 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे।





