professor-tankeshwar-kumar-appointed-as-vice-president-of-international-academy-of-physical-sciences
professor-tankeshwar-kumar-appointed-as-vice-president-of-international-academy-of-physical-sciences

इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस के उपाध्यक्ष बने प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार अब प्रतिष्ठित इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस के उपाध्यक्ष की भूमिका का भी निर्वहन करेंगे। वहीं फ्लोरिडा केंद्रीय विश्वविद्यालय, यूएसए के प्रोफेसर राम महापात्रा भी इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस के उपाध्यक्ष भी चुने गए हैं। इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस (आईएपीएस) भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में खोज, वैज्ञानिक व तकनीकी ज्ञान तथा मानव समाज की बेहतरी के लिए कार्य करती है। आईएपीएस एक ऐसा वैज्ञानिक निकाय है जिसमें भौतिक, गणित, और पृथ्वी विज्ञान की विभिन्न शाखाओं जैसे भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, सांख्यिकी, भूविज्ञान, भूभौतिकी और भूगोल, कंप्यूटर विज्ञान, सूचना विज्ञान, जैव रसायन, बायोफिजिक्स आदि के वैज्ञानिक शामिल हैं। भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में प्रो. टंकेश्वर कुमार के 35 वर्ष के उल्लेखनीय योगदान व उनकी प्रशासिक नेतृत्व क्षमता देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित संस्था का उपाध्यक्ष चुना है। प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार ने कहा कि इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस जैसी प्रतिष्ठित संस्था की कार्यकारी परिषद का उपाध्यक्ष चुना जाना उनके लिए गर्व व सम्मान की बात है। प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार ने बताया कि उनके साथ फ्लोरिडा केंद्रीय विश्वविद्यालय, यूएसए के प्रो. राम महापात्रा, सहित दो अन्य उपाध्यक्ष भी चुने गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संस्था के उद्देश्यों को ध्यान में रखकर संस्था की बेहतरी के लिए कार्य करेंगे। कुलपति ने परिषद की नई टीम को भी शुभकामनाएं दी। वर्ष 2022 व 2023 के लिए इंटरनेशनल अकेडमी ऑफ फिजिकल साइंसेस (आईएपीएस) की कार्यकारी परिषद की घोषणा की गई है। इसमें सूरजमल विश्वविद्यालय, उत्तराखंड के कुलपति प्रोफेसर एच.एस. धामी को अध्यक्ष तथा हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया है। गौरतलब है कि उच्च शिक्षा में रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए बजट में घोषणा की गई है कि विज्ञान और गणित के लिए 750 वर्चुअल लैब और सिम्युलेटेड लनिर्ंग एनवायर्नमेंट के साथ स्किल प्रदान करने के लिए 75 ई-प्रयोगशालाएं 2022-23 में स्थापित की जानी हैं। केंद्रीय बजट में शिक्षा मंत्रालय को वित्त वर्ष 2022-23 में 1 लाख 4277 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बजट का आवंटन किया गया है। इस वर्ष शिक्षा मंत्रालय के बजटीय आवंटन में 11.86 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है जो कि वित्त वर्ष 2021-22 से 11053.41 करोड़ रुपये ज्यादा है। --आईएएनएस जीसीबी/एएनएम

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in