नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात करते हुए एक बड़ा अहम ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स और इंस्टाग्राम को महिलाओं को सौंपने वाले हैं। इन दोनों सोशल मीडिया अकाउंट को एक दिन के लिए प्रेरक महिलाओं के एक चुनिंदा समूह को सौंप देंगे। इस दौरान वे महिलाएं अपने किए गए कामों और एक्सपीरियंस को देशवासियों के साथ साझा करेंगी और दूसरी महिलाओं को प्रेरित करेंगी।
पीएम मोदी महिलाओं को सौंपेंगे अपना इंस्टाग्राम अकाउंट
23 फरवरी रविवार को मन की बात के 119वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की चर्चा की। उन्होंने कहा कि 8 मार्च को पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाएगा। उस खास मौके पर मैं इस बार एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं जो नारी शक्ति को समर्पित होगी। मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स इंस्टाग्राम और एक्स कुछ ऐसी महिलाओं को एक दिन के लिए सौंपने जा रहा हूं जो अपनी सफलता की गाथा और अनुभवों को न सिर्फ देशवासियों के साथ साझा करेंगी बल्कि दूसरी महिलाओं को प्रेरित भी करेंगी।
नमो ऐप के जरिए महिलाएं कर पाएंगी संपर्क
इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा, ‘सोशल मीडिया का प्लेटफॉर्म का मंच भले ही मेरा हो, लेकिन वहां उनके अनुभवों, चुनौतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।’ पीएम मोदी ने महिलाओं को नमो ऐप के जरिए इस खास पहल में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। उनसे अपने संदेशों को वैश्विक स्तर पर फैलाने का आग्रह किया है। और कहा कि इस महिला दिवस पर आइए हम महिलाओं की अदम्य शक्ति का जश्न मनाएं और उसका सम्मान करें।’




