नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस जॉइंट प्रेस मीट में पीएम मोदी ने साफ कहा कि भारत शांति चाहता है और मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत-यूके की साझेदारी दुनिया में स्थिरता और विकास का एक मजबूत आधार बनी हुई है।
गाजा और यूक्रेन के हालात पर खुलकर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति और स्थिरता का पक्षधर रहा है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान यूक्रेन और गाजा की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बीच भारत और ब्रिटेन का मजबूत रिश्ता दुनिया में संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम प्राकृतिक साझेदार (Natural Partners) हैं, क्योंकि दोनों देशों के रिश्ते लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर टिके हैं भारत और UK के बीच बढ़ती साझेदारी वैश्विक स्थिरता और आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।
व्यापार और तकनीक पर फोकस
इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि इस साल जुलाई में लंदन यात्रा के दौरान भारत और ब्रिटेन ने ऐतिहासिक “Comprehensive Economic and Trade Agreement (CETA)” पर हस्ताक्षर किए थे।
भारत-यूके आर्थिक रिश्ते में नया अध्याय
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी एक्स पर साझा किया कि भारत-यूके के बीच आर्थिक रिश्ते अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (JETCO) को नए सिरे से स्थापित करने के लिए Terms of Reference पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मुंबई की इस बैठक से यह स्पष्ट संकेत मिला कि भारत और ब्रिटेन के बीच रिश्ते अब सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं। गाजा से लेकर व्यापार तक हर मुद्दे पर दोनों देश एक-दूसरे के साथ खड़े दिखे।




