prime-minister-launches-projects-in-seychelles-says-strong-and-important-partner
prime-minister-launches-projects-in-seychelles-says-strong-and-important-partner

प्रधानमंत्री ने की सेशेल्स में परियोजनाओं की शुरुआत, बताया मजबूत और महत्वपूर्ण साझेदार

नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और सेशेल्स हिंद महासागर में एक पड़ोसी के तौर पर मजबूत और महत्वपूर्ण साझेदार हैं। सेशेल्स भारत की ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास) दृष्टि के केंद्र में है। इसी संदर्भ में उन्होंने आगे कहा कि जरूरत के समय में भारत ने सेशेल्स में आवश्यक दवाओं और भारत में निर्मित टीकों की 50,000 खुराक की आपूर्ति की। सेशेल्स ‘मेड इन इंडिया’ कोविड-19 वैक्सीन पाने वाला पहला अफ्रीकी देश था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से सेशेल्स में राष्ट्रपति वेवेल रामखेलावन की उपस्थिति में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने मजिस्ट्रेट कोर्ट बिल्डिंग व सामुदायिक विकास परियोजनाओं की शुरुआत की तथा उच्च गश्त पोत व एक मेगावाट की सौर परियोजना आइसलैंड देश को समर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स में नए मजिस्ट्रेट कोर्ट भवन के निर्माण में योगदान करना हर्ष का विषय है। इस अत्याधुनिक भवन का काम कोविड -19 महामारी की इस परीक्षा की घड़ी में समय से पूरा हुआ है। भारत सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सेशेल्स कोस्ट गार्ड के लिए एक नया, अत्याधुनिक मेड-इन-इंडिया फास्ट पैट्रोल वेसल सौंप रहा हैं। जलवायु परिवर्तन से द्वीप देशों को विशेष खतरा है। इसलिए उन्हें खुशी है कि आज भारत की सहायता से निर्मित सेशेल्स में एक मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र सौंपा जा रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री के सागर विजन के तहत भारत सेशेल्स को विनिर्माण, विकास और सुरक्षा सहयोग दे रहा है। यह दर्शाता है कि एक विश्वसनीय सहयोगी की तरह भारत देश के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। विक्टोरिया सिटी में बनने जा रही मजिस्ट्रेट कोर्ट बिल्डिंग से देश की न्यायिक व्यवस्था और उसकी क्षमता में इजाफा होगा। वहीं भारत की ओर से उपहार स्वरूप कोलकाता के जीआरएसई में निर्मित नौवहन पोत से देश में समुद्री निगरानी क्षमता मजबूत होगी। आभासी कार्यक्रम में स्थानीय निकाय, शैक्षिक और व्यावसायिक संस्थाओं के सहयोग से भारतीय उच्चायोग द्वारा कार्यान्वित 10 उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजनाओं को भी सौंपा गया। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in