prahlad-patel-accuses-arvind-kejriwal-of-insulting-the-national-flag
prahlad-patel-accuses-arvind-kejriwal-of-insulting-the-national-flag

प्रहलाद पटेल ने अरविंद केजरीवाल पर लगाया राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप

नई दिल्ली, 28 मई(हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री केजरीवाल को इस बाबत चिट्ठी भी लिखी है। केंद्रीय मंत्री ने चिट्ठी लिखकर कहा है कि अरविंद केजरीवाल ने डिजिटल पत्रकार वार्ता के दौरान तिरंगे का अपमान किया है। प्रहलाद पटेल ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने अपनी डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तिरंगे झंडे को सजावट के सामान के रूप में इस्तेमाल किया था। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने तिरंगे को इस तरह से लगाया कि सिर्फ उसका हरा रंग ही दिखाई दे रहा था। चिट्ठी में प्रहलाद पटेल ने लिखा है कि मुख्यमंत्री से जाने-अनजाने में ऐसे कृत्य की अपेक्षा नहीं करते हुए इस ओर आपका ध्यानाकर्षण चाहता हूं। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की हम सबकी जिम्मेवारी है। इसके उत्तरदायित्व को ध्यान में रखते हुए यह चिट्ठी लिख रहे हैं। केजरीवाल जब भी टीवी पर संबोधन के लिए आते हैं तो उनका ध्यान बेबस ही तिरंगे पर चला जाता है, क्योंकि वह उन्हें देश की गरिमा एवं संवैधानिक स्वरूप से भिन्न प्रतीत होता है। बीच में सफेद हिस्से को कम करके हरे हिस्से को जोड़ दिया गया लगता है, जो भारत सरकार गृह मंत्रालय के द्वारा निर्दिष्ट भारतीय झंडा संहिता में उल्लिखित भाग 1 के 1.3 में दिए गए मानकों का प्रयोग नहीं दिखाई देता है। हिन्दुस्थान समाचार/ विजयालक्ष्मी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in