नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ महाराष्ट्र से NDA में शामिल दलों की नाराजगी की खबर सामने आने लगी है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के एक सांसद ने कहा है कि हमारी पार्टी को कैबिनेट मंत्री का पद मिलना चाहिए था। लेकिन इस सरकार में हमें एक राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। जबकि हम इससे ज्यादा चाहते थे। हमारे गट की शिव सेना का स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है। बता दें कि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव में 7 सीटों पर जीत हासिल की है।
एकनाथ शिंदे गुट के सांसद ने दिखाई नाराजगी
महाराष्ट्र की मावल लोकसभा सीट से शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के सांसद श्रीरंग बारणे ने मोदी कैबिनेट में अपने दल से एक मंत्री को जगह दिए जाने से नाराज है। उन्होंने इसे लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। बारणे ने कहा कि जिन दोलों के पास 1-1 सांसद है वो कैबिनेट मंत्री बने बैठे है, हमारा सवाल सरकार से है कि इन्होंने हमें राज्य मंत्री क्यों दिया? जबकी शिव सेना के स्ट्राइक रेट को देखते हुए हमें कैबिनेट मंत्री पद दिया जाना चाहिए था। बता दें कि नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में शिवसेना के प्रतापराव जाधव को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है।
NCP अजित पवार गुट ने राज्य मंत्री पद लेने से किया मना
इससे पहले एनसीपी के अजित पवार गुट ने भी मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद मांगा था। भाजपा ने उन्हें राज्य मंत्री पद देने की पेशकश की थी लेकिन अजित पवार ने इससे इनकार कर दिया था। अजित पवार की एनसीपी भी एनडीए की सहयोगी है। राज्य मंत्री पद के ऑफर को अजित पवार और प्रफुल पटेल ने डिमोशन बताते हुए स्वीकार करने से मना कर दिया था। हांलाकि, इस पूरे मामले पर एनसीपी नेता प्रफुल पटेल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले में सरकार में कैबिनेट मंत्री पद पर था तो अब राज्य मंत्री का पद लेना मेरे लिए डिमोशन है। ऐसे में हमने पद लेने से मना कर दिया है, लेकिन भाजपा को हमारा पूरा समर्थन है। और भाजपा ने इसको लेकर हमसे कहा है कि हम आपके दल के नेता को आगे आने वाले समय में उचित स्थान दिया जाएगा। कुल मिलाकर अगर NDA की एकता को लेकर बात करें तो यह इस सरकार के साथियों में सब ठीक चलता नहीं दिख रहा है।
विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी ने भाजपा पर साधा निशाना
NDA में चल रहीं इस खीच- तान को लेकर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नई केंद्रीय मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की हिस्सेदारी को लेकर उन पर निशाना साधा है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि मोदी मंत्रिमंडल में दोनों दलों के बहुत कम प्रतिनिधित्व ने साबित कर दिया कि भाजपा ने उन्हें उनकी जगह दिखा दी है। जब आप किसी का गुलाम बनने का फैसला करते हैं, तो यही पाते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





