नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मेरठ में खेत पर जा रही एक दलित महिला की हत्या और उसकी बेटी को उठाकर ले जाने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सपा का सरकार पर हमला
मेरठ से सपा विधायक अतुल प्रधान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा,“इससे ज्यादा विभत्स और दुखद कुछ नहीं हो सकता। सोचिए, एक मां अपनी बेटी के साथ खेत जा रही थी और गुंडे बच्ची को उठाकर ले गए और मां की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में परिवार की हालत देखकर कोई भी टूट जाएगा। पूरा परिवार दहाड़ें मारकर रो रहा था।
MNS की कार्रवाई और बच्ची की बरामदगी की मांग
अतुल प्रधान ने सरकार से मांग की कि सबसे पहले बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जाए और आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जिस तरह कुछ मामलों में सख्ती दिखाती है, वैसी ही सख्ती यहां भी दिखानी चाहिए। सपा नेता योगेश वर्मा ने भी योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह बहुत दर्दनाक घटना है। जिस तरह मां की हत्या की गई और बेटी को उठा ले गए, यह जंगलराज है। अब तक प्रशासन को बुलडोजर लेकर पहुंच जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दलित समाज पर अत्याचार होता है, तब सरकार का बुलडोजर नहीं चलता। इस घटना को लेकर दलित समाज में भारी आक्रोश है। नेताओं का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का भरोसा टूट जाएगा। सपा नेताओं ने सरकार से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की भी मांग की है। यह घटना कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। विपक्ष का कहना है कि अगर सरकार ने तुरंत और सख्त कदम नहीं उठाए तो हालात और बिगड़ सकते हैं।





