नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। केरल के वायनाड में बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हुआ है। बारिश की वजह से हुए लैंडस्लाइड में 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। लोगों को रेस्क्यू करने के लिए बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ड के मुताबिक अब तक 24 लोगों की इस लैंडस्लाइड में मौत हो गई है। मृतकों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
इस संबंध में मुख्य सचिव वी वेणु ने बताया
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह तड़के करीब 2 बजे के बीच लैंडस्लाइड हो गई। इसके बाद सुबह 4.10 पर फिर से लैंडस्लाइड हुई। जिसके चलते 100 से ज्यादा लोग मलबे में फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य सचिव वी वेणु ने बताया है कि लैंडस्लाइड करीब 2-3 बार हुई है। वी वेणु ने बताया कि लैंडस्लाइड में घायल होने वाले 16 लोगों को वायनाड के मेप्पाडी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक नियंत्रण कक्ष खोला है
इस हादसे को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक नियंत्रण कक्ष खोला है और आपातकालीन फोन नंबर 9656938689, 8086010833 जारी किए हैं। इसके अलावा वायुसेना के 2 हेलीकॉप्टर MI-17 और एक AHL सुबह साढ़े सात बजे सुलूर से रवाना किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान फिलहाल चल रहा है। केरल के मुख्यमंत्री श्री पिनाराई विजयन से बात की और वहां के मौजूदा हालात के मद्देनजर केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।”
प्रधानमंत्री कार्यालय(PMO)ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय(PMO)ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “प्रधानमंत्री ने वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




