नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर पहुंचे। यह उनकी पहली यात्रा थी जब राज्य में हिंसा भड़कने के बाद वे लोगों से सीधे मिले। पीएम मोदी ने राहत कैंपों में प्रभावित परिवारों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विस्थापितों को जल्द ही बसाएंगे।
शांति और विकास का संदेश
पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर का नाम ही ‘मणि’ है और यह पूरे नॉर्थ ईस्ट की चमक को और आगे ले जाएगा। उन्होंने सभी समुदायों और संगठनों से अपील की कि वे शांति और सद्भाव के रास्ते पर चलें। उन्होंने बताया कि हाल ही में हिल्स और वैली क्षेत्रों के कई गुटों से समझौते हुए हैं और बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा रहा है।
रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
प्रधानमंत्री ने मणिपुर के युवाओं को रोजगार देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य में अब मेडिकल कॉलेज, बिजली, सड़क और रेलवे नेटवर्क तेजी से विकसित हो रहा है। पीएम मोदी ने बताया कि जिरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन पर 22,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री ने 400 करोड़ रुपये की लागत से बने नए इंफाल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके अलावा 8,500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि अब गांव-गांव तक सड़कें पहुंच रही हैं और लोग विकास को महसूस कर रहे हैं।
“मैं आपके साथ हूं”
चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,“मैं आप सभी से वादा करता हूं कि मैं आपके साथ हूं। भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है और राज्य को पहले की तरह पटरी पर लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। पीएम मोदी की यह यात्रा मणिपुर के लिए शांति, विकास और भरोसे का नया संदेश लेकर आई है।





