नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ अब और सख्ती बरती जाएगी। बुधवार को पीएम मोदी ने लगातार 4 बैठक की जो देश की सुरक्षा और रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही हैं।इन बैठकों में CCS, CCPA, CCEA और कैबिनेट मीटिंग शामिल हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ये चारों कमेटियां क्या होती हैं और इनका काम क्या है।
CCS (कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी): सुरक्षा से जुड़ा सबसे बड़ा फैसला यहीं होता है
CCS यानी कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी, देश की सुरक्षा से जुड़े सभी बड़े फैसले लेती है। इस कमेटी की अध्यक्षता खुद प्रधानमंत्री करते हैं। इसमें गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और अन्य जरूरी मंत्री शामिल होते हैं। इस बैठक में आतंकवाद, युद्ध, सीमा सुरक्षा और रक्षा नीतियों पर चर्चा होती है। पहलगाम हमले के बाद इस कमेटी की बैठक में पाकिस्तान को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
CCPA (कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स): राजनीतिक रणनीति पर होता है मंथन
CCPA, यानी कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स, राजनीतिक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने वाली कमेटी है। इसमें देश की आंतरिक राजनीति, राज्य-केंद्र के रिश्ते, और विदेशी मामलों पर भी बात होती है, खासकर जब उनका असर देश की राजनीति पर पड़ता है। प्रधानमंत्री इसकी अध्यक्षता करते हैं और बैठक में कई वरिष्ठ मंत्री जैसे वित्त मंत्री, गृहमंत्री और सड़क परिवहन मंत्री शामिल होते हैं।
CCEA (कैबिनेट कमेटी ऑन इकनॉमिक अफेयर्स): अर्थव्यवस्था पर नजर रखने वाली कमेटी
CCEA यानी कैबिनेट कमेटी ऑन इकनॉमिक अफेयर्स, देश की आर्थिक नीतियों और फैसलों के लिए जिम्मेदार होती है। इसमें बजट, योजनाएं, निवेश, विकास और आर्थिक सुधारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। इस बैठक में वित्त मंत्री सहित अन्य आर्थिक मामलों से जुड़े मंत्री शामिल होते हैं।
कैबिनेट मीटिंग: सरकार के सबसे बड़े फैसलों की बैठक
कैबिनेट मीटिंग वो बैठक होती है जिसमें केंद्र सरकार के सभी प्रमुख मंत्री शामिल होते हैं और देश के सबसे अहम मुद्दों पर फैसला लिया जाता है। इसमें नए कानून बनाना, नीतियां लागू करना और बड़े प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लगाई जाती है।
क्यों जरूरी हैं ये चारों कमेटियां?
इन चारों कमेटियों का काम अलग-अलग है लेकिन इनका मकसद एक ही है, देश को सुरक्षित, मजबूत और आगे ले जाना। CCS सुरक्षा पर फोकस करती है, CCPA राजनीति और विदेश नीति पर और CCEA अर्थव्यवस्था पर तो कैबिनेट मीटिंग देश के सामूहिक फैसलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में इन बैठकों से आने वाले दिनों में कड़े और बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, खासकर पाकिस्तान और आतंकवाद के मुद्दे पर हो सकते है।




