नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार इस सड़क हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमे से 4 गंभीर लोगों को एयर लिफ्ट किया गया। जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। घटना स्थल पर SDR और पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
36 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह यात्री बस 4 नवंबर 2024 को सुबह गौरीखाल से रामनगर के लिए निकली थी। बस में 50 से अधिक लोग बैठे हुए थे। बस चालक ने सल्ट के कूपी के पास बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे यात्री बस मार्चुला की गहरी खाई में गिर गई। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई थी। इस बस हादसे में कुछ यात्री बाहर गिर गए थे।
घायल यात्रियों ने तुरंत सुबह 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और SDRF की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को इलाज के लिए तुरंत अस्तपताल भेजा गया। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 36 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है और 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बचाव कार्य जारी है।
इस हादसे को लेकर सीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे को लेकर दुख जाहिर किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा भी कर दी है। मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के एआरटीओ को निलंबित करने के निर्देश भी दे दिए हैं। सीएम ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए हैं।





