नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार लोक सेवा आयोग(BPSC) की परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन बढ़ता ही जा रहा है। बिहार की विपक्षी पार्टी के कई नेता आंदोलन कर रहे इन छात्रों को अपना समर्थन दे रहे हैं। इनमें जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हैं, वो अब अनशन पर बैठ गए हैं। वहीं बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव भी छात्रों के समर्थन में खड़े हुए हैं। 3 जनवरी की सुबह छात्रों ने रेल रोको प्रदर्शन किया और पप्पू यादव उनके साथ रेल रोकने के लिए स्टेशन पहुंचे।
BPSC के छात्रों ने सचिवालय हाल्ट पर ट्रेनों को रोका
BPSC री एग्जाम को लेकर छात्र संगठनों ने बिहार की राजधानी पटना में चक्का जाम कर दिया है। सांसद पप्पू यादव के समर्थक छात्रों ने पटना के सचिवालय हाल्ट पर ट्रेनों को रोकना शुरू कर दिया है। इन छात्रों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों की तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए वे सरकार के खिलाफ अपना विरोध जाहिर कर रहे हैं। इन छात्रों को सांसद पप्पू यादव का समर्थन प्राप्त है और कुछ ही समय में पप्पू यादव भी यहां पहुंच सकते हैं। वहीं छात्र संगठनों का कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो यह आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशांत किशोर एक सायबर पक्षी और नटवरलाल हैं: पप्पू यादव
बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने हाल में ही BPSC की तैयारी कर रहे छात्रों के संघर्ष को लेकर एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जल्द ही BPSC छात्रों के समर्थन के लिए बिहार आएंगे। वहीं सांसद पप्पू यादव ने प्रशांत किशोर को पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि उनका अमरण अनशन दिखावे के अलावा कुछ भी नहीं है। प्रशांत किशोर एक सायबर पक्षी और नटवरलाल हैं।





