नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के गठबंधन और जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 को बहाल करने वाले बयान पर कहा है कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान और कांग्रेस के इरादे भी एक हैं और एजेंडा भी एक है।
पाकिस्तान के समर्थन ने कांग्रेस को एक्सपोज कर दिया है : अमित शाह
अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि, “पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का आर्टिकल 370 और 35A पर कांग्रेस और JKNC के समर्थन की बात ने एक बार फिर कांग्रेस को एक्सपोज कर दिया है। इस बयान ने पुनः यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस और पाकिस्तान के इरादे भी एक हैं और एजेंडा भी। पिछले कुछ वर्षों से राहुल गांधी देशवासियों की भावनाओं को आहत करते हुए हर एक भारत विरोधी ताकतों के साथ खड़े रहे हैं।”
राहुल और पाकिस्तान के सुर एक रहे हैं : अमित शाह
उन्होंने पोस्ट में आगे कहा कि, “एयर स्ट्राइक व सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने हों, या भारतीय सेना के बारे में आपत्तिजनक बातें करना हो, राहुल गांधी की कांग्रेस पार्टी और पाकिस्तान के सुर हमेशा एक रहे हैं और कांग्रेस का हाथ हमेशा देशविरोधी शक्तियों के साथ रहा है। लेकिन, कांग्रेस पार्टी और पाकिस्तान यह भूल जाते हैं कि केंद्र में मोदी सरकार है, इसलिए कश्मीर में न तो आर्टिकल 370 वापस आने वाला है और न ही आतंकवाद।”
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने जताई उम्मीद
इसी बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल करने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा, कुछ भी मुश्किल नहीं है। अगर यह मुश्किल होता तो सुप्रीम कोर्ट तीन बार अनुच्छेद 370 के पक्ष में फैसला नहीं देती। आज अगर पांच जजों की संविधान पीठ ने अनुच्छेद 370 के खिलाफ फैसला सुना सकती है तो क्या यह संभव नहीं कि कल सात जजों की पीठ अनुच्छेद 370 के पक्ष में फैसला सुनाएगी।




