नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पटपड़गंज से नवनिर्वाचित विधायक रविंदर सिंह नेगी ने दिग्गज AAP नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर ऑफिस का सारा सामान चोरी करने का बड़ा आरोप लगाया है। एक वीडियो शेयर करते उन्होंने पूरा खाली ऑफिस दिखाया है, जो पहले मनीष सिसोदिया का था।
पटपड़गंज सीट से विधायक थे मनीष सिसोदिया
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में पटपड़गंज सीट पर BJP के रविंदर सिंह नेगी ने जीत हासिल की है। उन्होंने AAP नेता अवध ओझा को इस सीट से हराया है। पहले इस सीट से मनीष सिसोदिया विधायक थे।
रविंदर नेगी ने शेयर किया वीडियो
भाजपा नेता रविंदर सिंह नेगी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस विडियो में उन्होंने बताया कि जो कार्यालय उन्हें मिला है वो पहले मनीष सिसोदिया का था। वीडियो में नेगी पूरा ऑफिस दिखाते हुए नजर आ रहे हैं और सारा सामान गायब होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले में मनीष सिसोदिया को एक लीगल नोटिस भेजने की भी बात कही है।
[EMBED]
आम आदमी पार्टी से पटपड़गंज के पूर्व विधायक @msisodia ने चुनाव से पहले ही अपना असली चेहरा दिखा दिया था। विधानसभा कैंप कार्यालय से जिसमें AC, TV, टेबल, कुर्सी और पंखे जैसे सामान चुराए गए।
इनकी भ्रष्टाचार की हदें अब भी पार नहीं हुईं। अब ये अपनी असलियत और चोरी छिपाने की राजनीति में… pic.twitter.com/pN5YGlDzSN
— Ravinder Singh Negi (@ravinegi4bjp) February 17, 2025
वीडियो शेयर कर लिखी ये बात
वीडियो को शेयर करते रविंदर सिंह नेगी ने लिखा कि पूर्व विधायक मनीष सिसोदिया ने चुनाव से पहले ही अपना असली चेहरा दिखा दिया था। विधानसभा कैंप कार्यालय से AC, TV, टेबल, कुर्सी और पंखे जैसे सामान चुराए गए हैं।” उन्होंने कहा कि इनकी भ्रष्टाचार की हदें अब भी पार नहीं हुईं। अब ये अपनी असलियत और चोरी छिपाने की राजनीति में माहिर हो गए हैं। हम जनता के हक की रक्षा करेंगे और ऐसे भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करेंगे।
12 लाख का साउंड सिस्टम और अन्य फर्नीचर था
वीडियो में विधायक रविंदर सिंह नेगी पूरा कार्यालय दिखाते हुए कह रहे हैं कि वे ईमानदारी का ढोंग रचते थे। इस कार्यालय में जो सामान पीडब्ल्यूडी और सरकार का था उसे लेकर चले गए और गायब कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि हॉल में करीब 250-300 कुर्सियां, महंगे एसी, 2-3 लाख का टीवी, 12 लाख का साउंड सिस्टम और अन्य फर्नीचर था, जिसे पूरी तरह से हटा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति को उखाड़कर ले जाया गया है और दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।
सरकार अपना काम करेगी, इनसे पूरा वसूल करेगी
रविंदर ने कहा कि सिसोदिया खुद को बहुत ईमानदार नेता बताते हैं। जो सामान दिल्ली सरकार का था, उसे भी लूटकर ले गए। सारी कुर्सियां-टेबल अब यहां हमें लगानी पड़ेगी। सरकार अपना काम करेगी, इनसे पूरा वसूल करेगी। आपको कोर्ट के जरिए हमारी तरफ से नोटिस भेजा जाएगा। जितना सामान आप लेकर गए हैं उसकी भरपाई करनी होगी।
वहीं अभी तक आम आदमी पार्टी या फिर मनीष सिसोदिया की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि सिसोदिया तीन बार से पटपड़गंज सीट से विधायक रहे हैं। इस बार उन्होंने जंगपुरा से चुनाव लड़ा, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा।





