our-resolve-is-to-provide-water-to-all-the-farms-in-the-state-nitish
our-resolve-is-to-provide-water-to-all-the-farms-in-the-state-nitish

हमारा संकल्प राज्य में सभी खेतों तक पानी पहुंचाना : नीतीश

मुंगेर, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे जहां संवाद सम्मेलन में उन्होंने राजग कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प राज्य में सभी खेतों तक पानी पहुंचाना है, इसके लिए कई काम हो रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री संग्रामपुर प्रखंड के कटियारी ग्राम पंचायत के महाने बीयर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण भी किया। बिहार के तारापुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को यहां पहुंचे। यहां उन्होंने राजग कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्षेत्र की समस्याएं सुनी और बाद में समाधान का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोगों की सेवा का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तारापुर विधानसभा क्षेत्र में पहले भी विकास का काफी कार्य हुए हैं, और इस क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था को और कैसे बेहतर बनाया जाय इस पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा अगला संकल्प राज्य में सभी खेतों तक पानी पहुंचाना है, इसके लिए कई काम हो रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में भी काफी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुंगेर में कई अस्पतालों को बनाने के अलावा अन्य कई सुविधाओं को अस्पतालों को मुहैया करवाया जा रहा है। इस क्रम में मुख्यमंत्री संग्रामपुर प्रखंड के कटियारी ग्राम पंचायत के महाने बीयर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस को महाने बीयर सिंचाई परियोजना के डैमेज पिलर, प्रोटेक्शन वॉल, बेलहरवा महाने लिंक कैनाल के सुपर पैसेज सहित अन्य चीजों को दुरूस्त करने के निर्देष दिए। मुख्यमंत्री के सामने ग्रामीणों ने सिंचाई की समस्या की बात भी रखी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कमांड एरिया से आने वाले पानी का बंटवारा करने का निर्देष दिया। उन्होंने कहा कि जल वितरण की ऐसी व्यवस्था बनाएं जिससे ग्रामीणों को लाभ हो और किसानों को सिंचाई में सहूलियत हो। मुख्यमंत्री ने इस सिंचाई परियोजना को जल्द से जल्द पुनरूत्थान कार्य प्रारंभ करने के भी निर्देष दिए। --आईएएनएस एमएनपी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in