नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में बड़ी सेंध हुई है। दिल्ली सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर अचानक हमला हो गया। एक शख्स ने उन पर हमले करने का प्रयास किया। ये पूरा मामला बुधवार को सुबह में जनसुनवाई के दौरान सामने आया।
हालांकि, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने आरोपी को धर दबोच लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है। आरोपी ने हमला क्यों किया अभी इसकी वजह फिलहाल, स्पष्ट नहीं हो पाई है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वही, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। उन्होने आगे यह भी कहा कि ये घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की सीएम ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी और महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का बयान
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी इस घटना की निंदा की, उन्होंने कहा कि, “यह बहुत दुखद है; राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होती है, लेकिन भाजपा हिंसा की जननी है। लोग भाजपा से नाराज़ हैं। जिसने भी यह किया है उसकी जाँच होनी चाहिए।
आप नेता आतिशी ने क्या कहा?
दिल्ली की पूर्व सीएम और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमले करने वाले एक व्यक्ति को अरेस्ट किया है। पुलिस ने अरेस्ट कर आरोपी को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस पूछताछ कर जांच में जुट गई है। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “सीएम रेखा पर हमला विपक्ष की साजिश है क्योंकि उन्हें दिल्ली की चिंता है।




