नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने सेना के मनोबल को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। 11 मई से देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बिहार में भी यह यात्रा बड़े शहरों से लेकर हर प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचेगी।
दिलीप जायसवाल बोले – सेना के साथ खड़ा है बिहार
भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि बिहार के लोग सेना के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सेना ने पहलगाम हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। इस दौरान हमारी सेना ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी आम नागरिक को नुकसान न हो।”
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट
दिलीप जायसवाल ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद पाकिस्तान लगातार भारत के नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है। ड्रोन और मिसाइल हमलों से डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हमारी सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का इरादा भारत को अस्थिर करने का है, लेकिन हम सबको एकजुट होकर इसका सामना करना होगा।
राज्य भर में रेड अलर्ट, सीमाओं पर सख्ती
बीजेपी अध्यक्ष ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को रेड अलर्ट पर रखा है। बिहार के सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल और बांग्लादेश बॉर्डर पर भी खास चौकसी बरती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। पूर्णिया में उन्होंने सीमावर्ती जिलों के अफसरों के साथ बैठक भी की है।
11 मई को रक्सौल में बड़ी सुरक्षा बैठक
जायसवाल ने बताया कि 11 मई को रक्सौल में एक महत्वपूर्ण बैठक भी होने वाली है, जिसमें बॉर्डर सुरक्षा को लेकर अहम फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार मिलकर राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि इस मुश्किल घड़ी में एकजुट रहें और सेना का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें। तिरंगा यात्रा केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देशभक्ति का संदेश है जो हर नागरिक को सेना के साथ खड़ा करता है।





