नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर बीजापुर जिले के कर्रेगट्टा की पहाड़ियों में बीते 100 घंटे से ज्यादा समय से सुरक्षाबलों का नक्सल विरोधी ऑपरेशन जारी है। जवानों को एमआई-17 हेलीकॉप्टर के जरिए लगातार असला-बारूद, खाने-पीने का सामान और ठंडे पेय भेजे जा रहे हैं ताकि गर्मी में राहत मिल सके।
अब तक तीन महिला नक्सली ढेर, और भी मारे जाने की आशंका
इस ऑपरेशन के दौरान गुरुवार को हुई मुठभेड़ में तीन महिला नक्सली मारी गई हैं। तीनों PLGA की कम्पनी नंबर-1 की सदस्य थीं। पुलिस का दावा है कि और भी नक्सली मारे गए हैं, लेकिन दुर्गम इलाके के कारण उनकी पुष्टि में समय लग रहा है।
तेज धूप और गर्मी से 15 जवान बीमार, अस्पताल में भर्ती
भीषण गर्मी के बीच ऑपरेशन चल रहा है, जिससे अब तक 15 जवानों की तबीयत बिगड़ गई है। इन्हें तेलंगाना के वेंकटापुरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीन अन्य जवानों को भद्राचलम के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हाई अलर्ट पर पूरा इलाका, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद
सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बीजापुर पुलिस लाइन में आईजी सुंदरराज पी, एसपी जितेंद्र यादव और डीआईजी कमलोचन कश्यप पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। हेलीपैड पर तीन एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैयार हालत में तैनात हैं।
गृह मंत्री विजय शर्मा और डीजीपी अरुणदेव गौतम पहुंच सकते हैं बीजापुर
शनिवार को छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा और प्रदेश के डीजीपी अरुणदेव गौतम बीजापुर पहुंच सकते हैं। अधिकारियों से ऑपरेशन की पूरी जानकारी ली जाएगी। लगातार चल रही मुठभेड़ के कारण आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है। जवान इलाकों में टुकड़ियों में बंटकर नक्सलियों की तलाश कर रहे हैं और ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।





