नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज 18वीं लोकसभा के सत्र की शुरूआत में लोकसभा स्पीकर का चुनाव किया गया। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार ओम बिरला को लोकसभा का नया स्पीकर चुना गया। सदन में ध्वनिमत से ओम बिरला का स्पीकर पद के लिए चयन हुआ। ओम बिरला ने INDI गठबंधन के उम्मीदवार के. सुरेश को इस चुनाव में मात दी। आपको बता दें कि लगातार दूसरी बार स्पीकर चुने गए।
ध्वनिमत से लोकसभा के स्पीकर चुने गए ओम बिरला
गौरतलब है कि आज सदन के पटल पर पीएम मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा। पीएम मोदी के इस प्रस्ताव का क्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अनुमोदन किया। इसके साथ ही शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा स्पीकर पद के लिए के. सुरेश के नाम का प्रस्ताव रखा और आरएसपी के नेता एनके प्रेमचंद्रन ने इसका अनुमोदन किया। इसके बाद ओम बिरला को ध्वनिमत से लोकसभा का स्पीकर चुन लिया गया। इसके बाद सभी सांसदो ने ओम बिरला को स्पीकर बनने की बधाई दी।
पीएम मोदी और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ओम बिरला को दी बधाई
ओम बिरला को लोकसभा स्पीकर चुने जाने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू अध्यक्षीय आसन तक लेकर गए। इस दौरान जब बिरला ने अध्यक्षीय आसन ग्रहण किया तो पीएम मोदी, राहुल गांधी और रीजीजू ने उन्हें बधाई दी। ओम बिरला के लोकसभा स्पीकर चुने जाने पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। और कहा कि हमें भरोसा है कि पांच साल हमें आपका मार्गदर्शन मिलेगा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी लोकसभा स्पीकर को बधाई दी। और उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से सरकार के साथ सहयोग करना चाहता है। सरकार के पास राजनीतिक ताकत ज्यादा है, लेकिन विपक्ष भी देश का प्रतिनिधित्व करता है। हमें यकीन है कि हम सबको हमारी आवाज उठाने का मौका मिलेगा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




