नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्र सरकार से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि इस ऐतिहासिक स्टेशन का नाम ‘महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन’ रखा जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा यह पत्र 19 जून 2025 को लिखा गया था। अब यह पत्र सार्वजनिक हो चुका है और भारतीय जनता पार्टी के दो नेताओं ने इसकी पुष्टि भी की है।
क्यों महाराजा अग्रसेन के नाम की अनुशंसा की ?
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में लिखा है कि, “महाराजा अग्रसेन समाज सेवा, समानता और न्याय के प्रतीक हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर स्टेशन का नाम रखना सम्मानजनक और प्रेरणादायक होगा।” उनका मानना है कि इससे समाज में सेवा और न्याय के मूल्यों को बढ़ावा मिलेगा।
पुरानी दिल्ली स्टेशन का महत्व
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, जिसे पहले ‘दिल्ली जंक्शन’ भी कहा जाता था, राजधानी के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक स्टेशनों में से एक है। रोजाना लाखों यात्री इस स्टेशन से सफर करते हैं। इसका नाम बदलने की मांग पहले भी उठती रही है, लेकिन अब मुख्यमंत्री स्तर से आई यह मांग राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। अब तक रेल मंत्रालय की तरफ से इस मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। लेकिन माना जा रहा है कि इसे लेकर मंत्रालय के स्तर पर चर्चा जरूर हो सकती है।
दिल्ली को स्वच्छ बनाएंगे-CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इससे पहले भी पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा था कि ,“यमुना प्रदूषण, कूड़े के पहाड़ और नालों की गंदगी के लिए पुरानी सरकारें जिम्मेदार हैं। हमारी सरकार दिल्ली को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह बयान कोसी कलां के पास बायो-सीएनजी संयंत्र के उद्घाटन के दौरान दिया था। सीएम ने यह भी ऐलान किया कि इस साल के अंत तक दिल्ली में दो गोबर गैस संयंत्र शुरू किए जाएंगे। इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मिशन को लागू करने की मंशा है।





