नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। SCB Medical College and Hospital के ट्रॉमा केयर ICU में सोमवार तड़के करीब 3 बजे अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा Cuttack में स्थित अस्पताल की पहली मंजिल पर हुआ। आग लगते ही ICU और ट्रॉमा केयर विभाग में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया।
10 मरीजों की मौत, कई गंभीर
अधिकारियों के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई. इनमें से कुछ मरीजों की मौत ICU में दम घुटने से हुई, जबकि कुछ की मौत उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट करते समय हो गई। इस घटना में 5 मरीज गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका इलाज अस्पताल के दूसरे ICU में चल रहा है।
फायर ब्रिगेड और अस्पताल स्टाफ ने किया रेस्क्यू
आग लगने के बाद अस्पताल के स्टाफ ने तुरंत मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया. अस्पताल के अपने फायर सिस्टम ने सबसे पहले आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद फायर ब्रिगेड के तीन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. धुएं की वजह से कई मरीजों की हालत बिगड़ गई। हादसे के बाद ICU में भर्ती सभी मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया. गंभीर मरीजों को अस्पताल की न्यू मेडिसिन बिल्डिंग के ICU में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही Mohan Charan Majhi अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
मृतकों के परिवारों को 25 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज दिया जाए। इतने बड़े सरकारी अस्पताल में हुए इस हादसे के बाद अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग किस वजह से लगी और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई थी।




