नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी 12 से 30 जुलाई 2024 तक मुंबई में भव्य समारोह के रूप में हुई थी। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की भव्य शादी के जश्न ने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में खूब सुर्खियां बटोरीं थीं। हालांकि शादी की भव्यता को लेकर अंबानी परिवार को काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। हाल ही में इसको लेकर रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने एक साक्षात्कार में अनंत की शादी के अलावा कला और संस्कृति के माध्यम से भारत को बढ़ावा देने की बात भी कही।
नीता अंबानी ने अनंत अंबानी की शादी को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी
एक इंटरव्यू में नीता अंबानी ने छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी को लेकर हुईं आलोचनाओं को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता अपने बच्चों की शादी का सपना देखते हैं और शादी में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं। तो हमने भी यही किया है। मुझे लगता है कि यह भारत का एक ब्रांड था जो सामने आया है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे खुशी है कि मैं हमारी भारतीय परंपराओं, भारतीय विरासत और भारतीय संस्कृति को प्रस्तुत करने में सफल रही हूं।
वो आत्मविश्वासी दूल्हे के रूप में मंच पर पहुंचा था
नीता अंबानी ने आगे कहा कि मेरा छोटा बेटा अनंत अस्थमा के कारण बहुत कम उम्र से ही मोटापे से जूझ रहा है और वह अपनी शादी के मंच पर एक आत्मविश्वासी दूल्हे के रूप में पहुंचा था। उन्होंने अपने सबसे छोटे बेटे की शादी के उस पल को भी याद किया जो उनके दिल को छू गया था। उन्होंने बताया, ‘अनंत ने मुझसे कहा था ‘मां, मैं शारीरिक रूप से वैसा नहीं हूं।’ और मैंने जब उसे अपनr जीवन साथी का हाथ पकड़े हुए देखा तो मुझे लगा कि यह मेरे लिए सबसे मार्मिक एहसास था।’




