नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली के भारत नगर में 26 अक्टूबर की सुबह हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाले मोड़ सामने आए हैं। पुलिस को मिले अहम सबूत पीड़िता के बयानों से मेल नहीं खाते, जिससे मामले की सच्चाई पर नए सवाल उठ गए हैं। जांच टीम अब हर पहलू खंगाल रही है।
एसिड अटैक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पीड़िता के पिता अकील ने कबूल किया कि उसने जितेंद्र को फंसाने के लिए हमले की साजिश रची थी। ईशान और अरमान से विवाद के चलते उन्हें भी झूठे केस में फंसाया गया। पुलिस ने अकील को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
केस में आया चौंकाने वाला मोड़
भारत नगर एसिड अटैक केस में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता खुद टॉयलेट क्लीनर एसिड लेकर आई थी। पिता अकील ने उसे जितेंद्र को फंसाने की साजिश में साथ देने को कहा था। जांच में पता चला है कि वारदात के वक्त जितेंद्र करोलबाग में था, जिसका सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से सबूत मिला है।
मामले में पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि 26 अक्टूबर की सुबह वह लक्ष्मीबाई कॉलेज, अशोक विहार में एक्स्ट्रा क्लास के लिए जा रही थी। तभी उसके परिचित जितेंद्र ने अपने दो दोस्तों ईशान और अरमान के साथ बाइक पर आकर उस पर एसिड जैसा पदार्थ फेंक दिया। पीड़िता के अनुसार, हमला अरमान ने किया था।
वारदात के समय करोलबाग में था जितेंद्र
पीड़िता ने बताया था कि, एसिड फेंके जाने पर उसने चेहरा बचाने की कोशिश की, जिससे उसके दोनों हाथ झुलस गए। उसका आरोप था कि जितेंद्र कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था और एक महीने पहले झगड़ा भी हुआ था। हालांकि, पुलिस जांच में सच्चाई उलटी निकली। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान से साबित हुआ कि वारदात के वक्त जितेंद्र करोलबाग में था।
पीड़िता के बयान पर संदेह गहराया
भारत नगर एसिड अटैक केस में नए सबूतों ने पूरी कहानी पलट दी है। जिस बाइक का ज़िक्र पीड़िता ने अपने बयान में किया था, वह करोलबाग में खड़ी मिली। इससे उसके बयान पर संदेह गहराया। जांच में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले, 24 अक्टूबर को जितेंद्र की पत्नी ने पुलिस को पीसीआर कॉल कर बताया था कि पीड़िता का पिता अकील खान उसे ब्लैकमेल और परेशान कर रहा है।
अकील खान फिलहाल फरार
इस केस में सामने आए खुलासों ने सनसनी फैला दी है। जितेंद्र की पत्नी ने आरोप लगाया कि 2021 से 2024 के बीच वह अकील खान की फैक्ट्री में काम करती थी, जहां उसने जबरदस्ती की और बाद में आपत्तिजनक फोटो- वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। इस शिकायत पर भलस्वा डेयरी थाने में केस दर्ज है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अकील खान फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
CCTV फुटेज से जांच में नया मोड़
मामले में सीसीटीवी फुटेज ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में दिखा कि पीड़िता को उसके भाई ने स्कूटी पर घर से छोड़ा था और अशोक विहार तक साथ गया, लेकिन कॉलेज गेट तक नहीं पहुँचा। इसके बाद लड़की एक ई-रिक्शा में आगे जाती नजर आई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भाई ने उसे कॉलेज तक क्यों नहीं छोड़ा और क्या वह पहले से किसी बात से वाकिफ था।
मामले में फिलहाल गहन जांच जारी
इस मामले में भाई पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहा, जिससे शक और बढ़ गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि कई पहलुओं की पुष्टि अभी बाकी है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





