navy-practiced-yoga-on-warships-deployed-at-sea
navy-practiced-yoga-on-warships-deployed-at-sea

नौसेना ने समुद्र में तैनात युद्धपोतों पर किया योगाभ्यास

- वियतनाम, फारस की खाड़ी और रूस में तैनात नौसेना के जहाजों पर किये गए योगासन - आईएनएस विक्रमादित्य पर 'बी विद योगा बी एट होम' थीम के साथ मना योग दिवस नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। भारतीय नौसेना ने सोमवार को हिन्द महासागर से लेकर वियतनाम, फारस की खाड़ी और रूस में तैनात किये गए युद्धपोतों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इसके अलावा भारत के समुद्री तटों पर तैनात जहाज़ों पर नौसैनिकों, अधिकारियों और नाविकों ने सच्ची भावना के साथ 'योग फॉर वेलनेस' थीम के साथ योगासन किया। नेवल बेस कारवार में आईएनएस विक्रमादित्य पर कर्नाटक नौसेना क्षेत्र की सभी इकाइयों में 'बी विद योगा बी एट होम' थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इसका उद्देश्य स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए मन, शरीर, भावनाओं और ऊर्जा का तालमेल बिठाना था। भारतीय नौसेना के अधिकारियों और नाविकों ने उच्च समुद्र में आईएनएस शारदा पर योग का अभ्यास किया। हिन्द महासागर क्षेत्र और उससे आगे के ऊंचे समुद्रों पर तैनात युद्धपोतों पर भारतीय नौसेना के जवानों ने योग की सच्ची भावना के साथ 'योग फॉर वेलनेस' थीम के साथ योगासन किया। नौसेना की पूर्वी कमान के नौसैनिकों ने वियतनाम में आईएनएस ऐरावत पर योगाभ्यास किया। नौसेना का यह जहाज इस समय वियतनाम के कैमरान्ह बंदरगाह पर तैनात है। इसलिए नौसैनिकों ने वियतनाम में योग फॉर वेलनेस विषय के साथ 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कोच्चि के विभिन्न नौसेना स्टेशनों पर आयोजित किये योगाभ्यास में नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों ने उत्साह के साथ भागीदारी करके 'बी विद योगा बी एट होम' का संदेश फैलाया। नौसेना की पोरबंदर इकाई ने कमांडेंट ओडिच किरण खेताभाई के नेतृत्व में योगाभ्यास करके संदेश दिया कि योग की प्रकृति शरीर के अंधेरे कोनों में जागरुकता की रोशनी को चमकाना है। भारतीय तट रक्षक ने विझिंजम (त्रिवेंद्रम) में आईसीजी स्टेशन के कर्मियों के साथ इंटरसेप्टर पोत सी-427 पर योगाभ्यास किया। इसके अलावा तमिलनाडु और पांडिचेरी क्षेत्र के नौसेना पत्नी कल्याण संघ ने नौसेना परिवारों के लिए एक आभासी योग सत्र आयोजित किया गया जिसमें 100 से अधिक परिवार ऑनलाइन सत्र में शामिल हुए। तमिलनाडु और पांडिचेरी नौसेना क्षेत्र की इकाइयों में अंतराष्ट्रीय योग दिवस के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। चेन्नई, अरक्कोनम, तिरुनेलवेली, रामनाथपुरम, कलपक्कम और नागपट्टिनम में कोविड प्रोटोकॉल के साथ योगाभ्यास किये गए। लोनावला स्टेशन के युद्धपोत आईएनएस शिवाजी पर 19 से 21 जून 21 तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। कोहोर्ट समूह में कर्मियों और प्रशिक्षु अधिकारियों और नाविकों के लिए योग कार्यशाला और संगोष्ठी आयोजित की गई। युद्धपोत आईएनएस शार्दुल इस समय ऑपरेशन समुद्र सेतु- II की तैनाती के हिस्से के रूप में फारस की खाड़ी से भारत लौट रहा है लेकिन इस पर सवार भारतीय नौसेना के जवानों ने उच्च समुद्र पर योग का अभ्यास किया। पूर्वी नौसेना के आईएनएस किल्टन के नौसेना कर्मियों ने व्लादिवोस्तोक, रूस में तैनाती के दौरान योग फॉर वेलनेस थीम के साथ 7वां अंतरराष्ट्रीययोग दिवस मनाया। कोलकाता में तैनात आईएनएस नेताजी सुभाष पर योग फॉर वेलनेस थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। हुगली नदी के किनारे हुए इस कार्यक्रम में समन्वित योग आसनों के लिए 100 से अधिक कर्मियों ने भागीदारी की। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत /मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in