नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया है। सत्येंद्र जैन ने तिहाड़ जेल में बंद होने के दौरान उनपर VIP ट्रीटमेंट लेने के आरोपों का भी खुलकर जवाब दिया। सत्येंद्र जैन ने एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि उनका तिहाड़ जेल में रहते हुए 40 किलो वजन कम हो गया था, लेकिन किसी ने भी इसके बारे में नहीं दिखाया। सत्येंद्र जैन ने कहा कि हालत इतनी खराब हो गई थी कि उनकी जान भी जा सकती थी।
“मै वहां कैंटीन से खाना खरीद कर खाता था”
बता दें कि सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल में बंद होने के दौरान वीआईपी ट्रीटमेंट लेने का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। अब इसको लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने कहा है कि जिस वायरल वीडियो की बात हो रही है, वो मेरी सर्जरी के समय की थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी थी। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि तिहाड़ जेल में हर जगह कैमरे लगे हुए हैं। किसी और की वीडियो फुटेज क्यों नहीं मिल रही है? मेरे लिए कहा गया कि सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में बहुत ही बढ़िया खाना खा रहे हैं। लेकिन मै वहां कैंटीन से खाना खरीद कर खाता था। जिसका मै बिल भी दिखा सकता हूं। तिहाड़ जेल में सबके लिए बिसलेरी का पानी भी उपलब्ध है, जिसको खरीद कर पी सकते हैं।
अगर लोकतंत्र नहीं होता तो केंद्र सरकार अब तक फांसी दे चुकी होती
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने कहा कि जिस वायरल वीडियो की बात की जा रही है, वो मेरी सर्जरी के समय की है। मैं अपनी फिजियोथेरेपी करा रहा था, लेकिन सब कह रहे थे कि मैं मसाज करा रहा था। आप ही बताओं कि क्या कभी किसी ने पूरे कपड़े पहन कर मसाज कराया है?
इसके बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अगर लोकतंत्र नहीं होता तो केंद्र सरकार अब तक उन्हें फांसी दे चुकी होती। सत्येंद्र जैन ने कहा कि उनके खिलाफ यह मामला चलते हुए 7 साल से भी अधिक हो गए हैं। लेकिन अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है। उनका केवल मुझे, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करने का उद्देश्य था।





