नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उदयपुर का माहौल उस समय बिगड़ गया जब एक विशेष समुदाय के स्कूली छात्र ने अपने सहपाठी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही शहर का माहौल बिगड़ गया। इस घटना के विरोध में शहर के कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ हुई। कई जगहों पर कारों में आग लगा देने की सूचना आ रही है। शहर के माहौल को देखते हुए पूरे उदयपुर में धारा 144 लगा दी गई है।
कलेक्टर ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की
इस संबंध में जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने बताया कि आज सुबह एक घटना घटी। जहां दो बच्चे आपस में लड़ रहे थे। तभी एक बच्चे ने दूसरे बच्चे पर चाकू से वार कर दिया। जो कि उसके जांघ में लगी। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और वह ICU में भर्ती है। कलेक्टर ने सभी से किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
कलेक्टर ने आगे बताया कि घायल छात्र देवराज की हालत स्थिर है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी छात्र और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
कैसे बिगड़ा शहर का माहौल ?
दरअसल उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्कूल में दो छात्र लड़ाई कर रहे थे। तभी एक छात्र ने दूसरे छात्र के जांघ पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्कूल के शिक्षक घायल छात्र को लेकर MB अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी और सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्कूली बच्चों में चाकूबाजी हुई है। घायल बच्चे की मौत की अफवाह पर लोग आक्रोशित हो गए।
बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग पहुंचकर बाजार कराये बंद
पुलिस ने बताया कि दोनों छात्र किस बात को लेकर आपस में लड़ हे थे। इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं है। विशेष समुदाय के छात्र के द्वारा हिंदू छात्र को चाकू मारने की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के लोग इकठ्ठा हो गए और शहर और बाजार बंद करा दिए। इसके बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के लोग जुटकर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





