नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में बड़े बड़े राजनेताओं के धमकी मिलने का मामला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप पर एक ऐसा मैसेज आया जिसने महाराष्ट्र प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। दरअसल, ये मैसेज पाकिस्तान से आया था जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय पर हमला करने की धमकी दी है। इस धमकी भरे मैसेज के बाद पुलिस तुरंत हरकर में आ गई और वर्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली में शपथ ग्रहण में पहुंचे थे तो उनकी गाड़ी को भी उड़ाने की धमकी मिली थी।
पुलिस ने जांच शुरू की
ट्रैफिक पुलिस को भेजा गया ये मैसेज पाकिस्तान के नंबर से आया था। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव बताया है। वर्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ये टेक्स्ट मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। धमकी मिलने के बाद मुख्यमंत्री की सिक्योरीटी को बढ़ा दिया गया है जबकि उनके दफ्तर में आने जाने वाली गाड़ियों की भी गहन जांच की जा रही है।
20 फरवरी को एकनाश शिंदे को भी मिली थी धमकी
20 फरवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली में नई सरकार के शपथ ग्रहण में पहुंचे थे। उस दौरान उनको भी धमकी दी गई। धमकी में उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। गोरोगांव पुलिस ने तुंरत सतर्कता बरतते हुए BNS की धारा 351(3) और 353(2) के तहत FIR दर्ज की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने बुलढ़ाणा से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें से एक 35 वर्षीय मंगेश वायल है और दूसरा 22 वर्षीय अभय शिंगणे है। दोनों पर विधिवत कार्यवाई की जा रही है।





