नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफ़ेंटा द्वीप जा रही यात्रियों से भरी नेवी बोट हादसे का शिकार हो गई जिसमें 13 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस नेवी वोट में 110 से ज्यादा यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण इंजन की खराबी के कारण स्पीडबोट पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। तो आईये जानते हैं आखिर नेवी बोट की स्पीड कितनी होनी चाहिए?
140 किमी तक जा सकती है रफ्तार
संबंधित अधिकारियों ने बातचीत में बताया कि दुर्घटना का शिकार हुई इस बोट का नाम नीलकमल है। उन्होंने बताया कि इसकी रफ्तार 140 किलोमीटर तक जा पहुंचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जा रही हादसे के समय स्पीडबोट की कितनी स्पीड रही होगी।
बड़े स्तर पर की जाती है बड़े कंपोनेंट की जांच
एक अधिकारी ने बताया कि जब कोई बड़ा कंपोनेंट जैसे कि इंजन, किसी क्राफ्ट पर लगाया जाता है तो OEM के साथ मिलकर बड़े स्तर पर जांच की जाती है। ताकि आगे कोई समस्या न आए। अगर निर्माता यह दावा करता है कि इंजन को 140 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचाया जा सकता है तो इस दावे की पुष्टि के लिए उनके साथ मिलकर इसका परीक्षण किया जाता है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
मुंबई पुलिस ने नीलकमल नाव पलटने की घटना को लेकर नौसेना के बोट चालक और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोलाबा पुलिस थाने में FIR दर्ज की है। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत शिकायत दर्ज हुई है। यह शिकायत हादसे में बाल बाल बचे नाथाराम चौधरी ने दर्ज कराई है।
लापता यात्रियों की तलाश में जारी है रेस्क्यू
इस घटना के बाद MBPT, नौसेना, तटरक्षक बल और तटीय पुलिस व सीआईएसएफ गश्ती नौकाओं द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक 56 यात्रियों को बचा लिया गया है। वहीं अन्य 16 यात्रियों को भी बचाया गया और उन्हें मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया ले जाया गया। अन्य लापता यात्रियों की तलाश अभी जारी है। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
PM मोदी ने किया शोक व्यक्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुए जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी मुंबई नाव दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे को लेकर कहा कि लापता लोगों के बारे में अंतिम जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सीएम राहत कोष से 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा करते हुए घटना की जांच के आदेश दिए हैं।





