नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केंद्र सरकार ने सांसदों के वेतन, पेंशन और भत्तों में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है। अब सांसदों का मासिक वेतन ₹1,00,000 से बढ़ाकर ₹1,24,000 कर दिया गया है। इसके अलावा, दैनिक भत्ते और पूर्व सांसदों की पेंशन में भी इजाफा किया गया है।
क्या-क्या बदला गया है?
सांसदों का मासिक वेतन पहले 1,00,000 रुपए था जिसे बढ़ाकर 1,24,000 रुपए प्रति महीने कर दिया गया है। वहीं, दैनिक भत्ते को 2 हजार रुपए से बढ़ाकर 2,500 रुपए कर दिया गया है। पूर्व सांसदों की मासिक पेंशन भी 25,000 रुपए से बढ़ाकर 31,000 रुपए कर दी गई है।अतिरिक्त पेंशन 5 साल से अधिक सर्विस के लिए जो पहले 2 हजार रुपए प्रति महीने थी उसमें भी बदलाव किया गया है उसे अब 2,500 रुपए प्रति महीने कर दिया गया है।
महंगाई बढ़ने के कारण लिया गया फैसला
सरकार का कहना है कि यह सैलरी बढ़ोतरी पिछले 5 सालों में महंगाई बढ़ने के कारण की गई है। रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा तय महंगाई दर और लागत सूचकांक को ध्यान में रखते हुए यह संशोधन किया गया है। हाल ही में कर्नाटक सरकार ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों की सैलरी में 100% बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। इसके बाद संसद में भी इस पर चर्चा हुई और केंद्र सरकार ने सांसदों की सैलरी बढ़ाने का फैसला लिया।
सरकारी कर्मचारियों के लिए डीए बढ़ोतरी का इंतजार
अब सरकारी कर्मचारियों को भी डीए (महंगाई भत्ता) बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार अगले कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी दे सकती है। अगर फैसला हुआ तो जनवरी 2025 से बढ़ा हुआ डीए लागू होगा और कर्मचारियों को अप्रैल की सैलरी के साथ पिछले महीनों का एरियर भी मिल सकता है। सांसदों की सैलरी बढ़ोतरी से उन्हें राहत मिलेगी, लेकिन आम जनता और सरकारी कर्मचारियों को भी इसी तरह के राहत पैकेज की उम्मीद है। देखना होगा कि आने वाले दिनों में सरकार और क्या फैसले लेती है।





