नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी करते हुए एक विवादित बयान दिया है। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शुक्रवार को पत्रकारों ने उनसे राज्य में अवैध घुसपैठ से जुड़े सवाल किए। जवाब में महुआ मोइत्रा ने आपा खोते हुए बेहद उत्तेजक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
महुआ मोइत्रा ने घुसपैठ पर अमित शाह को घेरा
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मेरा उनसे (अमित शाह) सीधा सवाल है कि वह लगातार ‘घुसपैठिया… घुसपैठिया… घुसपैठिया’ कहते रहते हैं। लेकिन जो एजेंसियां बॉर्डर की सुरक्षा करती हैं, वे गृह मंत्रालय के अधीन आती हैं।” महुआ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के भाषण का हवाला देते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री ने लाल किले से कहा कि घुसपैठ के कारण देश की जनसांख्यिकी बदल रही है, तब गृहमंत्री पहली पंक्ति में बैठकर मुस्कुरा रहे थे और ताली बजा रहे थे।”
अमित शाह को लेकर महुआ मोइत्रा की विवादास्पद टिप्पणी
सांसद महुआ मोइत्रा ने भारत की सीमा सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद उग्र और आपत्तिजनक बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि देश की सीमाओं की रक्षा नहीं हो पा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी गृह मंत्री और गृह मंत्रालय की बनती है। उन्होंने कहा कि “अगर रोजाना सैकड़ों-हजारों की संख्या में लोग घुसपैठ कर रहे हैं, हमारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? अगर गृह मंत्रालय और गृहमंत्री अपनी भूमिका निभाने में असफल हैं, तो जवाबदेही तय होनी चाहिए। पहले आपको अमित शाह का सिर काट कर टेबल पर रख देना चाहिए।”
महुआ मोइत्रा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री खुद अपने भाषणों में घुसपैठ और जनसांख्यिकी परिवर्तन की बात कर चुके हैं, ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व को इससे बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद मंच से यह कह रहे हैं कि “बाहर से आने वाले लोग हमारी मां-बहनों की ओर नजर डाल रहे हैं और हमारी जमीनें छीन रहे हैं,” तो फिर इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है? हमारी और आपकी गलती है? सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी BSF की है, जो गृह मंत्रालय के अधीन आती है। हम खुद BSF से डरकर रहते हैं। बांग्लादेश हमारा मित्र देश रहा है, लेकिन केंद्र की नीतियों की वजह से पिछले कुछ वर्षों में स्थितियां काफी बदल चुकी हैं।”
इस विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने नदिया जिले के कृष्णानगर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत स्थानीय नागरिक संदीप मजूमदार द्वारा दी गई। अब तक महुआ मोइत्रा की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।




