नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दीपावली के मौके पर जहां एक ओर पूरे देश में रोशनी और जश्न का माहौल था, वहीं नवी मुंबई से कई दर्दनाक हादसों की खबरें आईं। सोमवार की रात से लेकर मंगलवार सुबह तक नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं हुईं, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई।
वाशी में लगी भीषण आग, चार की मौत
पहला बड़ा हादसा वाशी के सेक्टर-14 में एमजी कॉम्प्लेक्स स्थित रहेजा रेजीडेंसी सोसाइटी में हुआ। देर रात 12 बजे के करीब 10वीं से 12वीं मंजिल तक आग फैल गई। आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 6 साल की बच्ची और एक बुजुर्ग महिला शामिल थीं। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक पूरा परिवार जलकर खाक हो चुका था। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
कामोठे में सिलेंडर ब्लास्ट से मां-बेटी की मौत
दूसरा हादसा कामोठे इलाके के सेक्टर-36 स्थित आंबे श्रद्धा सहकारी सोसायटी में हुआ। यहां सोमवार सुबह एक फ्लैट में रखे दो गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ, जिससे आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक मां और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य किसी तरह बच गए। आग की लपटें चौथी मंजिल तक पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
मुंबई में आग की 32 कॉल्स
फायर ब्रिगेड को सोमवार को कुल 32 स्थानों पर आग लगने की कॉल्स मिलीं. इनमें से अधिकतर घटनाएं पटाखों या इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट के कारण हुईं। कफ परेड इलाके में भी सोमवार सुबह आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. इधर पुणे के पिंपरी चिंचवड़ के वाकड इलाके में मंगलवार तड़के एक इलेक्ट्रिक बाइक शोरूम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि करीब 60 नए दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। दमकल विभाग ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान लाखों रुपये का हुआ है।





