नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के मद्देनज़र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं। शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शांति बिगाड़ने वालों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इस त्योहारों के मौसम में एक भी उपद्रव बर्दाश्त नहीं होगा। हर जिले में प्रशासन और पुलिस 24×7 अलर्ट मोड में रहें।
22 सितंबर से ‘मिशन शक्ति 5.0’ का आगाज़ होगा
22 सितंबर से शुरू होगा ‘मिशन शक्ति 5.0‘, एंटी रोमियो स्क्वायड एक्शन में सीएम योगी ने ऐलान किया कि 22 सितंबर से ‘मिशन शक्ति 5.0’ का आगाज़ होगा, जो एक महीने तक चलेगा। इसके तहत महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और शोहदों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे एक दिन पहले 21 सितंबर की शाम हर जिले में महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली निकाली जाएगी, ताकि जनता में जागरूकता फैले।
गांव-गांव में महिला बीट अधिकारी पहुंचेंगी, पिंक बूथ रहेंगे एक्टिव
CM ने निर्देश दिए कि हर ग्राम पंचायत में महिला बीट अधिकारी जाकर महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। इसके साथ ही पिंक बूथों को एक्टिव मोड में लाने को कहा गया है, ताकि महिलाएं खुलकर अपनी बात कह सकें।
CM योगी बोले – कानून व्यवस्था से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी चेताया कहा कि फेक न्यूज फैलाने वाले चाहे कितने भी शातिर हों, उन पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, हर शहर की जरूरत के हिसाब से ट्रैफिक प्लान बनाएं और किसी भी संवेदनशील मामले पर खुद मौके पर पहुंचे।
”त्योहारों में सौहार्द बना रहे, हर जरूरी व्यवस्था हो पूरी”
CM योगी ने कहा कि बीते सालों की तरह इस बार भी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली, छठ आदि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएं। इसके लिए स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, ट्रॉमा और मेडिकल सेवाओं की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही मंदिरों में सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
निचले इलाकों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को मिलेगा नया घर
CM ने बाढ़ प्रभावित जिलों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिनके घर गिर चुके हैं उन्हें ऊंचे स्थानों पर प्लॉट और घर उपलब्ध कराए जाएंगे, और ये आवास परिवार की महिला मुखिया के नाम पर होंगे।
अपराधियों को करें चिन्हित, नहीं होने दें दोहराव
मुख्यमंत्री ने पिछली घटनाओं से सीखने की बात करते हुए कहा कि संवेदनशील समय में सतर्कता बढ़ाएं, जिन उपद्रवियों ने पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, उन्हें पाबंद किया जाए और उन पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
विकसित भारत 2047 को लेकर जिले-जिले में संवाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ के विजन पर काम शुरू हो चुका है।
प्रदेश भर में 300 से अधिक विशेषज्ञों को जिलों में भेजा गया है, जो जनता से सीधा संवाद करेंगे।
CM योगी ने त्योहारों से पहले प्रदेश को दिया सुरक्षा और सौहार्द का मंत्र कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं, हर शरारत का मिलेगा मुंहतोड़ जवाब।





