नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । हरियाणा भाजपा में सियासी बयानबाजी लगातार जारी है, चुनाव के बाद मंत्री अनिल विज अपनी ही पार्टी के खिलाफ बयान दे रहे है। इसी सिलसिले में बीजेपी आलाकमान ने 10 फरवरी को हरियाणा के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज को शोकॉज नोटिस भेजा था। इसे लेकर उन्होंने आज पार्टी को 8 पन्नों का जवाब भेज दिया। इसके बाद भी उनके तेवर में नरमी नहीं आई है। अनिल विज ने कहा कि और जवाब चाहिए तो वो भी देंगे।
पहले ठंडे पानी से नहाया और फिर रोटी खाई
भाजपा आलाकमान को नोटिस का जवाब भेजने के बाद मंत्री अनिल विज ने मीडिया से बाचतीत में कहा कि, पहले ठंडे पानी से नहाया और फिर रोटी खाई। इसके बाद समय का ध्यान रखते हुए पार्टी को अपना जवाब लिखकर भेज दिया। विज ने कहा कि, अगर पार्टी कोई और बात का जवाब चाहेंगी तो वो भी देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि उन्हें जितना याद था उतना उन्होंने अपने जवाब में लिखकर भेज दिया है।
अनिल विज को क्यों भेजा गया नोटिस
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी की थी। बीते कई दिनो से अपनी पार्टी के खिलाफ अपने बगावती तेवर दिखाए है। इस मामले में शिकायत के बाद पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ नोटिस जारी किया था और 3 दिन के लिए जवाब मांगा था। इसके तहत अनिल विज ने तय समय के अंदर ही हाईकमान को 8 पन्नों का जवाब भेज दिया है।





