नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती इन दिनों पार्टी को लेकर अच्छी खासी एक्टिव दिख रही हैं। अगर यूं कहें कि अगले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी में बड़े बदलाव कर रही हैं। मायावती ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेस की जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि आजकल जनहित के मुद्दों पर कम अपने-अपने स्वार्थ की राजनीति पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। बसपा में जो मेहनत करेगा उसे ही जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें रिश्ते नाते कभी आडे़ नहीं आएंगे। मेरे लिए भाई बहन के रिश्ते से बड़ी पार्टी है।
मेरे लिए भाई बहन के रिश्ते से बड़ी पार्टी है- मायावती
मायावती ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे लिए भाई बहन के रिश्ते से बड़े बहुजन समाज के लोग हैं। जो पार्टी के हित में जी तोड़ मेहनत करेगा वह ही आगे बढ़ेगा और उसे ही जिम्मेदारी दी जाएगी। बता दें कि मायावती का यह इशारा संभवत अपने भतीजे आकाश आनंद की ओर हो सकता है। बसपा सुप्रीमों ने हाल ही में उन्हें सारे पदों से हटा दिया था जिसके अगले ही दिन उन्हें पार्टी से निष्काषित कर दिया था।
बसपा को कमजोर करने में जुटी जातिवादी पार्टियां
मायावती ने बिना नाम लिए चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां बहुजन समाज की इकलौती पार्टी बसपा को कमजोर करने में लगी हुई हैं। पहले भी जातिवादी मानसिकता ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को खत्म करने की कोशिश की लेकिन बाबा साहेब ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। इसके बाद कांशीराम ने भी उनके इरादों को फलने फूलने नहीं दिया। अब हम भी बहुजन समाज के हित में ऐसी जातिवादी पार्टियों के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। संभवत उनका यह इशारा चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर था।





