नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता ओर कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने एक अमर्यादित बयान दिया है। विपक्षी दल मंत्री के इस बयान के खिलाफ पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्री विजय शाह को मंत्री पद और पार्टी से निकालने की मांग की जा रही है। इस बीच, बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी मंत्री के इस बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है।
BSP प्रमुख मायावती ने मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार में मंत्री विजय शाह के बयान को निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए उन कार्रवाई की मांग की। मायावती ने कहा कि ऐसा बर्ताव ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के माहौल को खराब कर रहा है। एमपी के भाजपा सरकार को मंत्री विजय शाह को पद और पार्टी से हटाया जाना चााहिए।
बसपा चीफ ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा- पहले विदेश सचिव विक्रम मिसरी और फिर उसके बाद सेना की महिला अफसर पर अमर्यादित टिप्पणी, वास्तव में जोश व उमंग के उस पूरे अच्छे माहौल को खराब कर दिया है। उन्होंने लिखा कि मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा मुस्लिम महिला अफसर पर की गई अभद्र टिप्पणी को भाजपा व केन्द्र सरकार गंभीरता से लेकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें, ताकि दुश्मनों के नापाक मंसूबे नाकाम हों और देश में आपसी भाईचारा व समरसता न बिगड़ने पाए।
विजय शाह ने क्या कहा था?
बता दें, एमपी की मोहन सरकार में मंत्री विजय शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लीड करने वाली मुस्लिम महिला अफसर कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में ‘आपत्तिजनक’ और ‘अभद्र टिप्पणी’, की। जिसके बाद एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। शाह की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले में मंत्री ने सफाई पेश कर माफी मांगी है। लेकिन इस बयान के बाद देश की सियासी माहौल बदल गया है। सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा
वायरल वीडियो इंदौर के महू के एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां मंत्री विजय शाह महिला अफसर पर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए सुने जा रहे हैं, ‘जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे, उन्हीं कटे-पिटे लोगों को उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवाई। उन्होंने आगे कहा कि ‘कपड़े उतार-उतारकर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी-तैसी करने के लिए हमारे जहाज से उनके घर भेजा।’ शाह के इस बयान के बाद विवाद शुरु हो गया है।





