महाराष्ट्र के नगर विकास मंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट करने पर मराठी कलाकार गिरफ्तार
मुंबई, 15 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के जुर्म में पुलिस ने मराठी कलाकार मयुरेश कोटकर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन ठाणे स्थित श्रीनगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। पुलिस के अनुसार नई मुंबई विमानतल को पूर्व सांसद डी. बा. पाटिल के नाम पर किए जाने की मांग मराठी कलाकार मयुरेश कोटकर ने की थी। इसके बाद नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि दि.बा. पाटिल का नाम अन्य किसी महत्वपूर्ण जगह दिया जाएगा। नई मुंबई विमानतल को शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे का नाम दिए जाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। नगर विकास मंत्री के इस बयान के बाद मयुरेश कोटकर ने एकनाथ शिंदे के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इस पोस्ट की शिकायत शिवसेना नगरसेवक योगेश जानकर ने श्रीनगर पुलिस स्टेशन में की। श्रीनगर पुलिस ने सोमवार को देर रात मराठी कलाकार को गिरफ्तार किया और मंगलवार को उन्हें सत्र न्यायालय में पेश किया। सत्र न्यायालय ने मराठी कलाकार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर