नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के जिरीबाम दौरे से पहले उनकी सुरक्षा के लिए जा रही एडवांस सुरक्षा टीम पर कुकी उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में 2 जवानों के घायल होने की खबर है। एक घायल जवान को इलाज के लिए इंफाल भेज दिया गया है।
सीएम बीरेन सिंह के जिरीबाम दौरे को लेकर हमला
गौरतलब है कि कुछ दिनों से मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा शुरू हो गई है। ये हिंसा मणिपुर के जिरीबाम जिले में हुई है। हिंसा के चलते 200 से ज्यादा मैतेई समुदाय के लोगों को राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है। जिसको लेकर मंगलवार को सीएम बीरेन सिंह का जिरीबाम दौरा प्रस्तावित है। इसको लेकर मुख्यमंत्री की एडवांस सुरक्षा टीम जिरीबाम जा रही थी।
घात लगाकर कुकी उग्रवादियों ने किया सुरक्षा टीम पर हमला
एडवांस सुरक्षा टीम सोमवार की सुबह 10.30 बजे NH-37 जिरीबाम रोड पर कोटलेन के पास टी लाइजैंग गांव पहुंची थी कि तभी अचानक से कुकी उग्रवादियों ने उनपर हमला कर दिया। सोशल मीडिया पर कुकी विद्रोहियों और जवानों के बीच फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है। इस हमले में अभी तक 2 जवानों के घायल होने की खबर है। हमले के बाद पुलिस और असम राइफल्स की टीम के द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
7 जून की रात कुकी उग्रवादियों ने पुलिस चौकी में लगा दी थी आग
मणिपुर के जिरीबाम जिले में शुक्रवार 7 जून की रात 3-4 नावों में सवार होकर आए उग्रवादियों ने हमला कर दिया और घरों और पुलिस चौकी में आग लगा दी। इसके अलावा कुकी उग्रवादियों ने कई गांवों में हमला कर घरों में आग लगा दी। जिसके बाद 200 लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




