नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने चुनावी अभियान रोकने के बजाय अस्पताल के बेड से ही येवला के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सलाइन लगी हालत में वर्चुअल माध्यम से जनता से बातचीत की और उनका आशीर्वाद मांगा।
“मेरी सर्जरी हुई है… लेकिन जनता के लिए मैं हमेशा खड़ा हूं”
भुजबल ने कहा कि वे इस चुनाव में खुद मैदान में आकर जनता से मिलना चाहते थे, लेकिन हाल ही में सर्जरी होने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं दिल से आपका हूं। शरीर यहां है, लेकिन मन आपके बीच ही है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि पूरी तरह स्वस्थ होते ही वे फिर लोगों के बीच रहेंगे और क्षेत्र के विकास पर काम जारी रखेंगे।
येवला के विकास पर खास जोर
भुजबल ने अपने संबोधन में कहा कि पहले येवला सूखे से परेशान इलाके के रूप में जाना जाता था। लेकिन अब सड़क, सिंचाई, पानी और खेती जैसे क्षेत्रों में कई बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा, “येवला की पहचान बदली है, और यह आप सबकी बदौलत है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास सिर्फ एक नेता या सरकार नहीं करती, यह जनता के भरोसे और समर्थन से ही संभव होता है। अस्पताल से संबोधन के दौरान भुजबल ने जनता से अपील की जैसा स्नेह आपने मुझे दिया है, वैसा ही महायुति के उम्मीदवारों को भी दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि येवला के बेहतर भविष्य और निरंतर प्रगति को सुनिश्चित करना है।
भावनात्मक जुड़ाव ने बढ़ाया संदेश का प्रभाव
भुजबल का यह ऑनलाइन संवाद चुनाव की भीड़भाड़ के बीच एक मानवीय और भावनात्मक जुड़ाव का अनोखा उदाहरण बना। भले ही वे अस्पताल में हों, पर उनकी प्रतिबद्धता और राजनीतिक ऊर्जा जनता तक सीधी पहुंच में पूरी तरह दिखाई दी।





