नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा “पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में इसकी तीखी आलोचना शुरू हो गई है।
कहां दिया गया बयान?
डिप्टी सीएम देवड़ा सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र किया। देवड़ा ने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि: “जो पर्यटक मारे गए, उनका धर्म पूछकर गोली मारी गई। महिलाओं और बच्चों के सामने यह सब हुआ। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।” उन्होंने आगे कहा कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जाता, तब तक देश को चैन नहीं मिलेगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि:“जो जवाब उन्होंने दिया, वह प्रशंसनीय है।
सेना को लेकर टिप्पणी बनी विवाद का कारण
बयान के अंतिम हिस्से में डिप्टी सीएम ने कहा:“पूरा देश, देश की सेना, सैनिक पीएम के चरणों में नतमस्तक हैं। यही टिप्पणी अब सबसे ज़्यादा विवादों में है। कई लोगों का कहना है कि देश की सेना केवल संविधान और देश के प्रति नतमस्तक होती है, किसी नेता या व्यक्ति के नहीं।
विपक्ष का पलटवार
विपक्षी दलों ने इस बयान को सेना का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां भारतीय सेना की गरिमा और स्वतंत्रता को ठेस पहुंचाती हैं। कुछ नेताओं ने डिप्टी सीएम से माफी मांगने की मांग भी की है। इस बयान के बाद एक्स, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों ने नाराज़गी जताई। कई लोगों ने डिप्टी सीएम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राजनीति में सेना को इस तरह घसीटना गलत है। अब देखना होगा कि क्या डिप्टी सीएम अपने बयान पर सफाई देते हैं या नहीं। लेकिन इतना तय है कि ये बयान उन्हें और सरकार को राजनीतिक नुकसान पहुंचा सकता है।




