नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने देने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष का कहना है कि जब तक राहुल गांधी को सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा, तब तक वे कार्यवाही चलने नहीं देंगे।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा विपक्ष
संसद परिसर में विपक्षी दलों की एक अहम बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर चर्चा की गई। विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर सरकार के पक्ष में काम कर रहे हैं और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दल जल्द ही लोकसभा महासचिव को स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह संसद के इतिहास में एक बड़ी राजनीतिक घटना मानी जाएगी। विपक्षी नेताओं का साफ कहना है कि संसद चर्चा के लिए होती है, न कि एकतरफा फैसलों के लिए। वहीं, सरकार और स्पीकर पक्ष का कहना है कि सदन की कार्यवाही संविधान और नियमों के अनुसार ही चलेगी।
‘राहुल गांधी को बोलने दो’ के लोकसभा में लगे नारे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष के हंगामे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि संसद नियम-कायदों से चलती है और प्रश्नकाल को पूरा होने दिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि किसी एक सदस्य को नियमों के बाहर बोलने की अनुमति नहीं दी जा सकती। स्पीकर ने विपक्षी सांसदों से अपील की कि सदन को नारेबाजी और गतिरोध का मंच न बनाएं। हालांकि, विपक्षी सांसद स्पीकर की अपील मानने को तैयार नहीं दिखे। कांग्रेस सांसद वेल में आ गए और राहुल गांधी को बोलने दो के नारे लगाने लगे।





