नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से निराशाजनक नतीजे आने के बाद पहली बार यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री शामिल हुए। बैठक के दौरान सीएम योगी ने सभी मंत्रियों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। हालांकि यूपी के दोनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य शामिल नहीं हुए।
इतनी अहम मीटिंग में दोनों उप मुख्यमंत्रियों के नदारत रहने पर कई सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने कहा कि दोनों डिप्टी सीएम किसी काम से बाहर गए हुए हैं। इसलिए वो इस मीटिंग में नहीं आ पाये।
जनता के बीच जाएं, VIP कल्चर नहीं है स्वीकार्य- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि सभी मंत्री जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि VIP कल्चर हमें स्वीकार्य नहीं है। कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर जनता की सेवा करें और समन्वय स्थापित करें। शनिवार को आयोजित हुई इस बैठक में सभी मंत्री शामिल हुए। हालांकि उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम इस दौरान दिल्ली में मौजूद रहे।
केंद्र व राज्य की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करें मंत्री- योगी
योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रभारी मंत्रियों के साथ चुनाव परिणाम को लेकर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों से अपने विभाग की कार्य योजना बनाकर देने को कहा। योगी ने अपने मंत्रियों से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने की अपील भी की।
नई सरकार के गठन के बाद गिर सकती है कई लोगों पर गाज
लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद उत्तर प्रदेश में पहली बार ये बैठक हो रही थी। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम से खुश नहीं है। कयास लगाये जा रहे हैं कि केंद्र में नई सरकार के शपथ लेते ही यूपी में मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों पर गाज गिर सकती है। ऐसे में सरकार व संगठन स्तर पर समीक्षाओं का दौर शुरू हो चुका है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





