नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में एक बेहद भावुक और प्यारा दृश्य देखने को मिला। एक छोटी बच्ची अनाबी अली अपनी मां फराह मुशर्रफ के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। बच्ची ने मासूमियत से सीएम योगी से कहा कि उसका शहर के लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में एडमिशन करा दिया जाए।
कविता सुनकर खुश हुए मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने बच्ची से उसका नाम पूछा और पढ़ाई को लेकर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने अनाबी से एक कविता सुनाने को कहा। बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कविता सुनाई, जिसे सुनकर मुख्यमंत्री काफी खुश नजर आए। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को बच्ची के एडमिशन से जुड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मां को मिला भरोसा, चेहरे पर खुशी
बच्ची की मां फराह मुशर्रफ ने बताया कि वह अपनी बेटी के स्कूल एडमिशन के लिए जनता दर्शन में आई थीं। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी स्कूल जाने के लिए बहुत उत्साहित है। सीएम योगी ने हमारी बात ध्यान से सुनी और एडमिशन का भरोसा दिया। हम बहुत खुश हैं। सीएम योगी और बच्ची अनाबी अली की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग मुख्यमंत्री के इस मानवीय और संवेदनशील व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं। इससे पहले भी जनता दर्शन में सीएम योगी बच्चों से बातचीत करते और उन्हें दुलारते नजर आते रहे हैं।
अनाबी अली बोली- अब मेरा एडमिशन हो जाएगा
सीएम से मिलकर अनाबी अली भी काफी खुश नजर आई। उसने कहा कि उसने खुद मुख्यमंत्री योगी जी से स्कूल में एडमिशन की बात कही है और अब उसका एडमिशन हो जाएगा। यह दृश्य जनता दर्शन में उम्मीद और भरोसे की एक मिसाल बन गया।





