नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को वकीलों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दरअसल, एक अधिवक्ता को पुलिस द्वारा कई दिनों से हिरासत में रखे जाने के विरोध में वकील सड़कों पर उतर आए। वकीलों ने जिला अदालत परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस विरोध के चलते जयपुर कोर्ट परिसर में कामकाज प्रभावित हुआ और कई मामलों की सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर उनके साथी को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।
वकीलों ने पुलिस पर लगाए आरोप
वकीलों का आरोप है कि धोखाधड़ी के एक मामले में आदर्श नगर थाना पुलिस द्वारा उनके साथी अधिवक्ता को पिछले तीन दिनों से थाने में रोक रखा है और वहां उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। वकीलों ने मांग की है कि हिरासत में लिए गए अधिवक्ता को बिना शर्त रिहा किया जाए और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विरोध प्रदर्शन के चलते अदालतों में कामकाज ठप हो गया और दोपहर बाद से वकील हड़ताल पर चले गए। बार एसोसिएशन ने कहा है कि जब तक उनके साथी को रिहा नहीं किया जाता, न्यायिक कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे।
‘मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन जारी रहेगा’
जिला अदालत परिसर के बाहर सैकड़ों वकीलों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अदालत परिसर के बाहर सैकड़ों वकील मौजूद इकट्ठा हुए नारेबाजी करने लगे। वकीलों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दोपहर बाद से जिला अदालतों में कामकाज पूरी तरह ठप है और वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदर्शनकारी वकीलों ने मांग की है कि हिरासत में लिए गए अधिवक्ता को तुरंत और बिना शर्त रिहा किया जाए और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।





