नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। जम्मू -कश्मीर की जनता में विधानसभा चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। जनता लंबी कतारों में अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जम्मू- कश्मीर विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में 39.18 लाख से अधिक मतदाता 415 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव में 7 जिलों की 40 विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।
जम्मू- कश्मीर संभाग के ये जिले शामिल
आज जम्मू-कश्मीर के विधानसभा के अंतिम चरण के चुनाव में कश्मीर संभाग में बारामूला, कुपवाड़ा, और बांदीपोरा के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वहीं जम्मू-संभाग में जम्मू, कठुआ, उधमपुर और सांबा के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील
जम्मू- कश्मीर में अंतिम चरण के लिए वोटिंग चल रही है, इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू- कश्मीर के लोगों से अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए अपील की है कि “जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में आज तीसरे और आखिरी दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाने के लिए आगे आएं और अपना वोट जरूर डालें। मुझे विश्वास है कि पहली बार वोट देने जा रहे युवा साथियों के अलावा नारीशक्ति की मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी होगी।”
मल्लिकार्जुन खड़गे की अपील
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी जम्मू-कश्मीर के अंतिम चरण के चुनाव के लिए जनता से अपील की है कि “जैसे ही जम्मू-कश्मीर चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू हो रहा है, मैं इन 40 विधानसभा सीटों के लोगों से बड़ी संख्या में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं।
जम्मू-कश्मीर के लोगों से राज्य का दर्जा छीनने वालों को सबक सिखाने का यह आखिरी मौका है। याद रखें, कि एक वोट आपकी किस्मत बदल सकता है और एक उज्जवल भविष्य की शुरुआत कर सकता है, जो आपके संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित करता है।
युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने, भ्रष्टाचारियों से मुकाबला करने, अपने भूमि अधिकारों की रक्षा करने और प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए एक वोट काफी मूल्यवान है।
हम पहली बार वोट डालने जा रहे मतदाताओं का स्वागत करते हैं, क्योंकि जम्मू-कश्मीर की भविष्य की दिशा उनकी भागीदारी से तय होगी। एक बार फिर, मैं आपसे मतदान कतार में शामिल होने का अनुरोध करता हूं।”





