नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में किराया मांगने गई मकान मालकिन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि किरायेदार पति-पत्नी ने महिला की हत्या के बाद शव के टुकड़े किए और उन्हें एक सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया।
6 महीने का बकाया किराया बना हत्या की वजह
मृतका की पहचान दीपशिखा शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षिका थीं। वह 17 दिसंबर को अपने फ्लैट का किराया लेने के लिए Aura Chimera (ओरा सुमेरा) सोसायटी स्थित दूसरे फ्लैट पर गई थीं, जहां अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता किराए पर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले 5-6 महीनों से किराया नहीं दे रहे थे। जब देर रात तक दीपशिखा शर्मा घर नहीं लौटीं तो परिजनों और सोसायटी के लोगों को चिंता हुई। CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें वह शाम को किरायेदारों के फ्लैट की ओर जाती दिखीं, लेकिन वापस आती नजर नहीं आईं। इससे शक और गहरा गया। शक के आधार पर सोसायटी के लोग जब उस फ्लैट तक पहुंचे तो आरोपी दंपती भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मेड को हुआ शक, तब खुला राज
ACP उपासना पाण्डेय के अनुसार, देर रात मृतका की मेड को शक हुआ और वह उस फ्लैट में पहुंची। तलाशी के दौरान बेड के अंदर रखे एक लाल रंग के सूटकेस से दीपशिखा शर्मा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे कोई और वजह थी या सिर्फ किराए को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।





