नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत के दिग्गज राजनेता व आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। गंभीर से गंभीर बात को मजाकिया अंदाज में कह देना, लोगों को हंसाकर उन्हें सोचने पर मजबूर करना ये लालू प्रसाद यादव की कला है। गुरुवार को भी उनका वहीं पुराना अंदाज देखने को मिला। उन्होंने जातीय जनगणना पर कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जातीय जनगणना कान पकड़कर करवाएंगे।
कान पकड़कर करवाएंगे जातीय जनगणना
दरअसल गुरुवार को RJD के प्रदेश कार्यालय में अमर शहीद जगदेव प्रसाद की 50वीं पुण्यतिथि पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव भी पहुंचे थे। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा विषय पर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि “देश स्तर पर जातीय जनगणना कान पकड़कर करवाएंगे। जो पुरखों को भूलता है वो 20 साल तक झूलता है। जगदेव बाबू को तब सच्ची श्रद्धांजलि होगी जब उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट रहेंगे।”
जदयू की कथनी और करनी में फर्क- तेजस्वी
वहीं जदेव बाबू की पुण्यतिथि के मौके पर तेजस्वी यादव भी अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते नजर आए। उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू कहा करते थे कि पहली पीढञी गोली खाएगी और दूसरी पीढ़ी जाग जाएगी और तीसरी पीढ़ी राज करेगी। आज संविधान और आरक्षण को खत्म करने की साजिश चल रही है। हमें अपने हक के लिए मिलकर आगे भड़ाने की लड़ाई को मजबूती से लड़ना होगा। इस दौरान तेजस्वी यादव ने जदयू पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जदयू की कथनी और करनी में फर्क है।
किडनी की बीमारी से जूझ रहे लालू प्रसाद यादव
बता दें कि, लालू प्रसाद यादव हाजिर जवाब होने के साथ-साथ एक तेज रर्रार नेता के तौर पर भी जाने जाते हैं। वो बड़े से बड़े गंभीर मसलों को मसखरे अंदाज में रखने के लिए जाने जाते हैं। इनके बोलने की शैली इतनी हाजिरजवाबी होती है कि लोग हंसते भी हैं और सोचने के लिए मजबूर भी हो जाते हैं। राजनीति के महारथी लालू यादव फिलहाल किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। वो 76 साल के हो चुके हैं। वो अब खास मौकों पर ही मीडिया और लोगों के सामने आते हैं।




