नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लोकसभा से वक्फ बिल पास होने के बाद देर रात यह बिल राज्यसभा से भी पास हो गया। इस बिल के साथ ही देश के कई हिस्सों में मुस्लिम समुदाय की ओर से विरोध देखने को मिल रहा है। आज जुमे की नमाज के बाद कोलकाता के पार्क सर्कल के पास मुस्लिम समुदाय एकजुट हुआ और सड़कों पर उतरकर वक्फ संसोधन बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा अहमदाबाद की सड़कों से भी ऐसे ही विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आईं।
वक्फ बिल वापस लेने की मांग कर रहे हैं प्रदर्शनकारी
संसद के दोनों सदनों से वक्फ संसोधन बिल पास होने के बाद कोलकाता की सड़के विरोध प्रदर्शन का अखाड़ा बन गई हैं। जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम संगठनों ने वक्फ बिल को वापस लिए जाने की मांग के साथ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ये मुसलमानों के खिलाफ साजिश है। सरकार वक्फ की संपत्तियों के हड़पना चाहती है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। मुस्लिम समुदाय इस बात को लेकर भी नाराज है कि वक्फ बोर्ड में गैर मुस्लिम को शामिल न किया जाए। कोलकाता के अलावा अहदाबाद में भी सड़कों पर उतरकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध की यह आग रांची तक भी पहुंची। वहां भी नमाज के बाद लोगों ने वक्फ बिल को वापल लेने की मांग की है।
दिल्ली समेत पूरे देश में सुरक्षा चाक चौबंद
वक्फ बिल से मुस्लिम संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। ऐसे में दिल्ली समेत देश के कई संवेदनशील इलाकों में पुलिस से चाक चौबंद व्यवस्था की है। दिल्ली के शाहीन बाग में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जामिया में भी पुलिस कोई कोताही नहीं बरतती हुई दिखाई दे रही है। कोलकाता और यूपी में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।





