नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोलकाता के RG kar मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या मामले को लेकर बुधवार की आधी रात को कॉलेज परिसर में जमकर बवाल शुरू हो गया। दरअसल रेप व हत्या को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में अचानक बेकाबू भीड़ घुस गई और जमकर तोड़फोड़ व तबाही मचा दी।
इमरजेंसी वार्ड को बनाया गया निशाना
इस तोड़फोड़ के दौरान इमरजेंसी वार्ड को भी निशाना बनाया गया। वहीं डॉक्टर्स और स्टाफ के साथ मारपीट की भी खबरें आ रही हैं। बेकाबू भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच पत्थरबाजी भी हुई।
आधी रात को क्या हुआ ?
दरअसल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप मर्डर केस की पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल सहित देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया जा रहा था। एक ऐसा ही प्रदर्शन आरजी कॉलेज में भी डॉक्टरों के द्वारा किया जा रहा था। इसी दौरान एक बेकाबू भीड़ पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए अस्पताल के अंदर दाखिल हो गई और अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से लेकर अस्पताल के कई हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी।
CBI के जाने के बाद शुरू हुई हिंसा
गौरतलब है कि इस रेप-मर्डर केस की जांच CBI कर रही है। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने CBI को केस की जांच सौंप दी। जिसके बाद CBI ने इस पूरे मामले की जांच के लिए 3 टीमें बनाई हैं। इसमें से एक टीम दोपहर 3.40 पर आरजी अस्पताल आई और रात को लगभग 10 बजे वहां से निकली। इस दौरान CBI की फॉरेंसिक टीम ने कई साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि CBI के अस्पताल से निकलने के कुछ देर बाद ही अस्पताल में ये हंगामा शुरू हो गया।
डॉक्टरों के साथ की गई मारपीट
हंगामें के दौरान भीड़ ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के साथ मारपीट भी की। भीड़ से बचने के लिए प्रदर्शन कर रही महिलाएं गर्ल्स हॉस्टल में छिप गईं। इस दौरान पुलिस और बेकाबू भीड़ के बीच जमकर पत्थरबाजी भी हुई। इस बेकाबू भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस हिंसा में 50 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। हालात बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल का जायजा लेने के लिए रात करीब 2 बजे कोलकाता पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने मीडिया पर गलत कवरेज का लगाया आरोप
इस दौरान कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल ने कहा कि अफवाहें ना फैलाएं। हम हर चीज की जांच कर रहे हैं और वहां मौजूद लोगों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ अफवाहें फैलाकर और नागरिकों के बीच अविश्वास पैदा करके कुछ नहीं होगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां जो भी हुआ वह गलत मीडिया कवरेज के कारण हुआ है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




